शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव के होनहार छात्र विपुल का चयन पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीन शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया है। विपुल इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर की शतरंज पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विपुल का यह चयन महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ। उक्त प्रतियोगिता में उत्तर बस्तर एवं दक्षिण बस्तर सेक्टर के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन विश्वविद्यालय टीम हेतु किया गया।
पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीन शतरंज पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 6 मार्च 2026 तक कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय भुनेश्वर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में पूर्वी जोन के लगभग 40 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाड़ियों के लिए शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर में विशेष प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया है।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री एच.आर. यदु ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राचार्या डॉ. सरला आत्राम के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से महाविद्यालय में जुलाई माह से ही उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विभिन्न खेलों का नियमित एवं व्यवस्थित अभ्यास कराया जा रहा है। इसी सतत अभ्यास एवं परिश्रम का परिणाम है कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
विपुल के इस गौरवपूर्ण चयन पर महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थीगण ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा आशा व्यक्त की कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।